सहारनपुर के देवबंद से ब्रेकिंग न्यूज़
देवबंद पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, वांछित गौकश घायलावस्था में गिरफ्तार
सहारनपुर । थाना देवबंद पुलिस और गौकशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित गौकश घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में गोकशी, चोरी, लूट, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना देवबंद पुलिस टीम गोपाली चौकी के पास बरला-देवबंद रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
उसी दौरान, बरला की ओर से आ रहा एक छोटा हाथी वाहन पुलिस को देखकर रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने लगा। जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, तो वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाकर फरार अपराधी की तलाश शुरू कर दी है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान इंतखाब उर्फ काला पुत्र हामिद निवासी ग्राम बरला, थाना छपार, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा और दो जिंदा कारतूस, साथ ही एक छोटा हाथी (UP 12 T 8895) और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाश थाना देवबंद में दर्ज मुकदमा संख्या 500/2025, धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम व धारा 109(1)/3(5) बीएनएस में वांछित चल रहा था। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़