दुद्धी सोनभद्र। स्थानीय निवासी डॉ. मुस्कान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के एनसीडी क्लिनिक में मेडिकल ऑफिसर (संविदा) के पद पर तैनात किया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय सोनभद्र द्वारा जारी आदेश के मुताबिक उन्हें ₹1,00,000 मासिक मानदेय पर 31 मार्च 2026 तक के लिए नियुक्त किया गया है।
सीएमओ कार्यालय के पत्रांक मु.चि.अ./एमबीबीएस./संविदा/तैनाती/2025-26/5006 दिनांक 17 अक्टूबर 2025 के मुताबिक, डॉ. मुस्कान को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर योगदान देकर कार्यभार ग्रहण करें। नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख है कि संतोषजनक कार्य होने पर अनुबंध अवधि का विस्तार किया जा सकेगा, जबकि सात दिन तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर संविदा स्वतः समाप्त मानी जाएगी।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. साहब आलम की मौजूदगी में डॉ. मुस्कान ने पदभार ग्रहण किया। अधीक्षक ने उन्हें विभागीय कार्यों की जानकारी दी और स्वागत किया।
डॉ. मुस्कान जो पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता कमल और कमल कुमार कानू की पुत्री हैं, मूल रूप से दुद्धी की रहने वाली हैं। उनकी नियुक्ति से क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर डॉ. संजय कुमार, डॉ. संदीप कुमार, इनर व्हील क्लब की सचिव मनोरमा जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने स्थानीय बेटी को दुद्धी में सेवा का अवसर मिलने पर खुशी जताई।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह