अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सोनभद्र द्वारा थाना चोपन क्षेत्रान्तर्गत छठ पर्व के दृष्टिगत छठ घाटों का किया गया निरीक्षण
नन्दगोपाल पाण्डेय ब्यूरोचीफ सोनभद्र
27.10.2025 को अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सोनभद्र श्री अनिल कुमार द्वारा छठ महापर्व के दृष्टिगत थाना चोपन क्षेत्रान्तर्गत प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, गोताखोरों की तैनाती एवं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने थानाध्यक्ष चोपन को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसके लिए *पुलिस बल, पीएसी, जल पुलिस, अग्निशमन दल, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय एवं स्थानीय प्रशासन के मध्य समुचित समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) ने यह भी कहा कि संवेदनशील घाटों पर सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाए तथा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि घाटों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था हो, बचाव दल व एम्बुलेंस तत्पर रहें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु सभी अधिकारी सतर्क रहें।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार ने निर्देशित किया कि “छठ पर्व जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी।”
अंत में उन्होंने जनमानस से अपील की कि छठ पर्व के दौरान शांति, स्वच्छता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।