इंडियन टीवी न्यूज़ जिला रिपोर्टर नरेश जाटव कैलादेवी करौली राजस्थान।
राजस्थान करौली क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने ठंडक घोल दी है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय दबाव के असर से लगातार दूसरे दिन भी करौली सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे और रुक रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रही। बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं रबी फसलों के लिए यह बारिश वरदान साबित हो रही है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक बी. डी. शर्मा ने बताया कि बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 11 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं मौसम विभाग ने पहले ही मेघ गर्जना और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की थी। जिले के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश का आंकड़ा -करौली में 29 मिमी, कुड़गांव में 27 मिमी, मासलपुर में18 मिमी, नादौती में 16 मिमी, बालघाट में 12 मिमी, सपोटरा में 10 मिमी, गुढ़ाचंद्रजी में 8 मिमी, मंडरायल में 6 मिमी, टोडाभीम और करनपुर में 4-4मिमी,जबकि हिंडौन, सूरौठ और श्रीमहावीरजी में 3-3 मिमी बारिश दर्ज की गई।शर्मा ने बताया कि यह बारिश रबी सीजन की फसलों को आवश्यक नमी प्रदान करेगी, जिससे फसलों की वृ्धि में तेजी आएगी। विशेष रूप से सरसों और गेहूं की बुवाई के लिए यह मौसम अनुकूल है। हालांकि, नादौती क्षेत्र के कुछ इलाकों में जलभराव के कारण किसानों को बुबाई में हल्की देरी का सामना करना पड़ सकता है। सोमवार से जारी बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी थमने का नाम नहीं ले रहा। आसमान में घने बादलों के कारण दिनभर सूरज नहीं निकला और तापमान में लगातार गिरावट बनी रही। लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और सुबह-शाम सर्द हवाओं का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती प्रभाव के चलते अगले 24 घंटों तक हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।