नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
बरही चौक पर भीषण जाम से हाहाकार! दिल्ली-कोलकाता मार्ग पर घंटों फँसती हैं एंबुलेंस
स्थानीय नेता ने उठाया सवाल, प्रशासन क्यों नहीं बना रहा वैकल्पिक व्यवस्था?
बरही/कोडरमा/हजारीबाग: जिले का बरही चौक इन दिनों जाम के विकराल समस्या से जूझ रहा है, जिससे दिल्ली-कोलकाता को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सबसे ज्यादा मुश्किल आपातकालीन वाहनों को हो रही है।
एंबुलेंस को भी नहीं मिलता रास्ता
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरही चौक से हजारीबाग रोड की ओर जाने के क्रम में जाम इतना भीषण होता है कि एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पाता। कई बार तो मरीज लेकर जा रहे वाहन भी ट्रैफिक में घंटों फंसे रहते हैं, जिससे गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यह चौराहा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, लेकिन यहाँ की अव्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई है।
पूर्व सांसद प्रत्याशी ने उठाए सवाल
जाम की इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व सांसद प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि वह इस मुद्दे को लेकर एसडीपीओ (SDPO) और एसडीएम (SDM) जैसे उच्च अधिकारियों को बार-बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था या ठोस ट्रैफिक ठहराव नहीं बनाया गया है।
कुमार ने कहा, “यह मार्ग कोलकाता और दिल्ली को चारों तरफ से जोड़ता है और हमेशा वाहनों के भारी लोड से भरा रहता है। यहाँ हर दिन जाम लगना आम हो गया है, जबकि यहाँ ट्रैफिक के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।”
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से त्वरित
संज्ञान की अपील:स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से इस गंभीर विषय पर त्वरित संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि बरही चौक पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने और एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्थायी ट्रैफिक प्वाइंट स्थापित किया जाए और एक प्रभावी यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाए।