इंडियन टीवी न्यूज़
सुशील चौहान
कलेक्टर ने दिए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश
सिवनी:कलेक्टर ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित एग्री स्टेक एवं फार्मर रजिस्ट्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया।प्रशिक्षण में उपस्थित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र किसानों का फार्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टेक पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए ताकि वे शासन की विभिन्न कृषक हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीयन शीघ्र पूर्ण किया जाए।उन्होंने नरवाई प्रबंधन हेतु आधुनिक कृषि यंत्रों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने और कृषकों को ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।ऐसे क्षेत्र जहां जल उपलब्धता कम है वहां दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने सिंचाई के हेड क्षेत्रों में जल के संतुलित एवं उचित उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु माइक्रो सिंचाई प्रणाली को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि अधोसंरचना निधि अंतर्गत वेयरहाउस निर्माण के लिए हितग्राहियों को प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से कृषकों की सभी जानकारियाँ एकीकृत रूप में उपलब्ध होंगी जिससे योजनाओं का पारदर्शी और त्वरित लाभ किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा। प्रशिक्षण में कृषि एवं राजस्व विभाग का मैदानी अमला उपस्थित था।