नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
झील के समग्र विकास हेतु आर्किटेक्ट टीम द्वारा किया गया स्थल निरीक्षण
शहर के बीच स्थित ऐतिहासिक झील के संपूर्ण विकास एवं सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश के आलोक में आज आर्किटेक्ट टीम को बुलाकर ब्लूप्रिंट तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शहर की पहचान मानी जाने वाली इस झील को पर्यटन के दृष्टिकोण से आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। झील के चारों ओर सौंदर्यीकरण, लाइटिंग, पैदल पथ, बैठने की व्यवस्था, हरियाली एवं नागरिक सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने झील उन्नयन कार्य के निमित्त सुझाव हेतु सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि को भी आमंत्रित किया एवं जिला प्रशासन से जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार, नगर निगम के टीम ने आर्किटेक्ट टीम के साथ झील परिसर का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झील के विकास से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि झील विकास की योजना जनसामान्य की सुविधा एवं पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाए, ताकि यह परियोजना शहरवासियों के लिए एक स्थायी और आकर्षक केंद्र बन सके।