नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
उपायुक्त ने की राजस्व विभाग की समीक्षात्मक बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु निर्देशित
हजारीबाग: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीजी पोर्टल, भू-मापी मामले, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, सो-मोटो म्यूटेशन, ई-रिवेन्यू कोर्ट, आरसीएमएस ऑनलाइन रिपोर्ट, ऑनलाइन लगान केस, परिशोधन पोर्टल एवं जमाबंदी रद्द करने से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जनता दरबार में आए भू अर्जन से संबंधित आवेदनों का निष्पादन में तेजी लाने एवं ई रेवेन्यू को कार्यात्मक बनाने का निर्देश दिया। पीजी पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। भू-मापी से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों का त्वरित समाधान करने पर बल दिया गया। हाई कोर्ट से जुड़ी मामलों का ससमय निष्पादन करने का निर्देश दिया
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त राजस्व एवं भू-अर्जन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। सभी प्रकार के म्यूटेशन में प्रगति बढ़ाने, परिशोधन मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने, ई-रिवेन्यू कोर्ट में दायर एवं निष्पादित वादों की गहन समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने और जमाबंदी रद्द करने के मामले में प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अतिक्रमण न हो इस पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही, “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम की तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं के अधिकाधिक प्रमाणपत्र जनरेट कराने के लिए अभी से ही स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए।
बैठक में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के साथ अपर समाहर्ता, भू-अर्जन पदाधिकारी, बरही एसडीओ, बरही डीसीएलआर, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।