नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
झारखंड स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर स्ट्रीट डांस कार्निवाल का भव्य आयोजन
हजारों की संख्या में उत्साहित लोगों ने आयोजन का लुत्फ उठाया
हजारीबाग, 12 नवम्बर 2025।
झारखंड स्थापना दिवस समारोह के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के दूसरे दिन आज स्ट्रीट डांस कार्निवाल का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ा अखाड़ा में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह द्वारा पारंपरिक नगाड़ा वाद्ययंत्र बजाकर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्ट्रीट डांस कार्निवाल का जुलूस बड़ा अखाड़ा से प्रारंभ होकर ग्वाल टोली, झंडा चौक, पंच मंदिर चौक होते हुए पुनः बड़ा अखाड़ा में संपन्न हुआ। इस दौरान शहर की सड़कों पर रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों, विभिन्न कलादलों एवं स्कूली बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, हजारीबाग द्वारा ऐतिहासिक जेपी केंद्रीय कारा को प्रदर्शित करती झांकी की भी भव्य प्रस्तुति दी गई, जिसने लोगों को स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाई।
पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। हजारों की संख्या में आम नागरिकों ने इस सांस्कृतिक कार्निवाल में भागीदारी कर झारखंड की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक एकता का परिचय दिया।
झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम हजारीबाग की सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण रहा।