पत्रकार साथियों ने दिवंगत आत्माओं को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
संवाददाता:तारिक अहमद
बहराइच। सर्किट हाउस का वातावरण उस समय भावुकता से भर उठा, जब श्रमजीवी पत्रकार यूनियन द्वारा आयोजित शोकसभा में जिलेभर से आए पत्रकार साथियों ने अपने दिवंगत परिजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
तीन दर्जन से अधिक पत्रकारों की उपस्थिति ने न केवल इस सभा को महत्वपूर्ण बनाया बल्कि आपसी अपनापन, संवेदनशीलता और एकजुटता की भावना को भी और मजबूत किया।
शोकसभा की शुरुआत दिवंगत आत्माओं के प्रति दो मिनट का मौन रखकर की गई। नम आँखों से पत्रकार साथियों ने उन अपनों को याद किया, जो इस वर्ष हमेशा के लिए उनके बीच से चले गए।
यूनियन के राष्ट्रीय पार्षद विपिन अग्रवाल, अभिषेक शर्मा, प्रवीण श्रीवास्तव, मंगल शर्मा, शरद शर्मा और आनंद पोद्दार सहित कई पत्रकारों के परिवारों ने इस वर्ष अपूरणीय क्षति झेली है। इसी गम को साझा करने और साथ खड़े होने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई थी।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि भावनाओं और आपसी सहयोग से बुना हुआ परिवार है। उन्होंने कहा, सुख के क्षणों में हम भले ही एक-दूसरे के पास न पहुँच पाएँ, लेकिन दुख की घड़ी में साथ खड़े होना ही असली मजबूती देता है। यही हमारे संगठन की सबसे बड़ी उदारता और शक्ति है।” उनके इस संदेश ने पूरे माहौल को मानवीय संवेदनाओं से भर दिया।
शोकसभा में वरिष्ठ पदाधिकारियों सतीश श्रीवास्तव, विपिन अग्रवाल, श्याम जी मिश्रा, सैय्यद कल्बे अब्बास, संतोष श्रीवास्तव एवं अनुराग पाठक एवं महामंत्री नितिन बंसल ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सभी पत्रकार एक परिवार की तरह एक-दूसरे का संबल बने हुए हैं।
इस मौके पर महेश अग्रवाल, कासिम मेहंदी, राहुल यादव, तारिक अहमद, सोनू हैदर, प्रभंजन शुक्ला, अद्वैत भूषण श्रीवास्तव, रोहितांश त्रिपाठी, अंशुमान बाजपेयी, अरुण दीक्षित, मोहम्मद कासिफ, फहीम किदवई, कोषाध्यक्ष रमन सोनी सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।