श्रीराम जानकी विवाह की तैयारी में जुटा क्षत्रिय राजपूत समाज
भगवान श्रीरामचंद्र जी की वरयात्रा एवं बारात में राजपूत समाज सहित हजारों लोग सम्मिलित होगे
मंडलेश्वर
नगर के जूना श्रीराम मंदिर की संस्था श्री श्री सीताराम शिव संकल्प संस्थानम द्वारा श्रीराम जानकी विवाह का आयोजन किया जा रहा है। विवाह आयोजन का यह पांचवा वर्ष है। शुक्रवार से शुरू होने वाले इस विवाह आयोजन की जानकारी देते हुए संस्था के संचालक पं पंकज मेहता गुरुजी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्षत्रिय राजपूत समाज की अगुवाई में धूमधाम से बैंड बाजे, ढोल ताशे और भजनों की धुन के साथ बग्गी पर भगवान श्रीरामचंद्र जी को विराजित कर बाना जनवासा निकलेगा। इस वर्ष भगवान श्रीरामचंद्र जी का जनवासा क्षत्रिय राजपूत समाज के दीपक सिंह तोमर के निज निवास महेश्वर रोड स्थित लक्ष्मीनारायण कॉलोनी पर जावेगा। तोमर ने कहा भगवान राजा श्रीरामचंद्र जी मेरे घर पधार रहे हैं और राजपूत समाज का प्रत्येक सदस्य श्रीराम जानकी विवाह को लेकर बहुत उत्साहित है। मेरे परिवार के लिए यह परम सौभाग्य की घड़ी है। श्रीराम जानकी विवाह के लिए क्षत्रिय राजपूत समाज के युवा समाज के प्रत्येक घर-घर जाकर पीले चावल का निमंत्रण दे रहे है। समाज के प्रत्येक सदस्य को विवाह में सम्मिलित होने के लिए सभी से आग्रह किया है। पं पंकज मेहता जी ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 नवंबर सोमवार शाम को 4 बजे जूना श्रीराम मंदिर से घंटाघर चौक होते हुए मेन रोड मार्केट से तेली चौक, पाटीदार मोहल्ला, गुरुवा मोहल्ला होकर क्षत्रिय राजपूत समाज धर्मशाला से महेश्वर रोड लक्ष्मीनारायण कॉलोनी में वरयात्रा पहुंचेगा। 25 नवंबर मंगलवार को क्षत्रिय राजपूत समाज धर्मशाला से भगवान श्रीरामचंद्र जी की बारात धूम धाम से बैंड बाजे, ढोल ताशे भजनों की धुन पर निकलेगी। वही नगर के प्रमुख मार्ग में जहां पर जगह-जगह भगवान की बारात का स्वागत और स्वल्पाहार के स्टाल लगाए जाएंगे। जेल रोड, कसरावद रोड, बस स्टैंड, मेन मार्केट, घंटाघर चौक से होते हुए जूना श्रीराम मंदिर में 12 बजे बारात पहुंचेगी। जहा पर मंदिर में भगवान श्री रामचंद्र जी और माता जानकी जी का शुभ लग्न होगा। शुभ लग्न के पश्चात नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला में सभी भक्तों के लिए सामूहिक सहभोज का आयोजन रखा गया है।