आईसीसीसी से होगी विभाग की निगरानी, व्हाट्सऐप पर मिलेगी आवेदन की स्थिति
सहारनपुर:- नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लिए विभाग में लगने वाली भीड़ को कम करने और आमजन को राहत देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। नगर निगम परिसर में आवेदन जमा करने के लिए एक नई विंडो स्थापित की गई है, जिससे अब आवेदकों को सीधे जन्म-मृत्यु विभाग में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार एवं अपर नगरायुक्त मृत्यंजय ने बताया कि प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन जमा करने के दौरान अत्यधिक भीड़ और लंबा इंतजार लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम परिसर में नई विंडो खोली गई है, जहां आवेदक आसानी से अपने दस्तावेज जमा कर सकेंगे।उन्होंने बताया कि आवेदकों की सुविधा के लिए रोस्टर के अनुसार तीन लिपिकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सोमवार व बृहस्पतिवार को अंकित पाल, मंगलवार व शुक्रवार को राहुल कुमार तथा बुधवार व शनिवार को मुकेश कुमार प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आवेदन संबंधी कार्य देखेंगे। अपर नगरायुक्त ने बताया कि आवेदन की स्थिति की जानकारी के लिए निगम द्वारा व्हाट्सऐप नंबर 8477008058 जारी किया गया है। आवेदक आवेदन जमा करने के एक सप्ताह बाद अपनी रसीद इस नंबर पर भेजकर आवेदन की स्थिति जान सकते हैं। इसके अतिरिक्त, निगम कर्मचारी कु. श्वेता चंचल एवं मोनित कुमार स्वयं या कंट्रोल रूम के माध्यम से आवेदकों को जानकारी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जन्म-मृत्यु विभाग को कैमरों के माध्यम से आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) से जोड़ा जा रहा है, जिससे कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जा सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़