फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बरेली के निर्देशों के क्रम में सुशासन सप्ताह के अवसर पर तहसील मीरगंज अंतर्गत विकास खंड फतेहगंज पश्चिमी की ग्राम पंचायत ठिरिया खेतल स्थित पंचायत भवन में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
जन चौपाल में उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसडीएम आलोक कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान योजना एवं सामूहिक विवाह योजना प्रमुख रूप से शामिल रहीं। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ की विस्तृत जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने राशन कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन समय पर न मिलने से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीएम ने सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर लाभार्थियों को राहत प्रदान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय लेखपाल आदित्य कुमार गंगवार, कमलजीत , पंचायत सहायक पुष्पा देवी, रोजगार सेवक रघुवीर, फूरकान, नौशें खां , बूथ लेवल अधिकारी सहित अन्य विभागीय कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।
जन चौपाल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद मजबूत हुआ तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली