नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग: “विकसित भारत के लिए विकसित हजारीबाग” के संकल्प के साथ सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को अपने कार्यकाल का वार्षिक रिपोर्ट कार्ड ‘सेवा वर्ष 2024-25’ जारी किया। वार्षिक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने हजारीबाग, चतरा और कोडरमा जिले के पत्रकारों के समक्ष पिछले एक वर्ष के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
संसद से सड़क तक संघर्ष 118 जनहित के प्रश्न उठाए
सांसद ने बताया कि उन्होंने मानसून सत्र 2024 से शीतकालीन सत्र 2025 तक संसद के पटल पर कुल 118 प्रश्न उठाकर हजारीबाग की समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना और विकास की गति को तेज करना है।
बुनियादी ढांचे और रेल कनेक्टिविटी पर जोर
रिपोर्ट कार्ड में बताया गया कि कोडरमा-हजारीबाग-बरकाकाना रेलवे दोहरीकरण के लिए ₹3,063 करोड़ की कैबिनेट स्वीकृति मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। साथ ही एनएच-522 और जीटी रोड सिक्स लेन का कार्य प्रगति पर है। सांसद ने एनएच-100 फोर-लेन, हजारीबाग रिंग रोड और हजारीबाग हवाई अड्डे के निर्माण की मांगों को भी प्रमुखता से उठाया है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और विस्थापितों का न्याय
मनीष जायसवाल ने हजारीबाग में एम्स (AIIMS) स्तरीय अस्पताल और प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग की। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा दशकों से लंबित कोनार-तिलैया परियोजना के विस्थापितों का रहा, जिनके लिए उन्होंने न्यायसंगत पुनर्वास पैकेज और नहर परियोजना को जल्द पूरा करने का आग्रह किया है।
खेल और सामाजिक सरोकार
सांसद ने नमो फुटबॉल टूर्नामेंट (20,260 खिलाड़ी) और 101 जोड़ों के सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने बुजुर्गों के लिए ‘सांसद तीर्थ दर्शन’ और जरूरतमंदों के लिए ‘श्राद्ध किट वितरण’ जैसे निजी प्रयासों की भी जानकारी दी।
सुरक्षा और सुशासन पर सख्त रुख
कानून-व्यवस्था, अवैध खनन, गौ-तस्करी और नशे के खिलाफ उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलकर केंद्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। प्रेस वार्ता में भाजपा के जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, जिप अध्यक्ष उमेश मेहता सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।