जरायम पेशा कानून से मुक्ति की याद में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया याद, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान।
नर्मदापुरम। अखिल भारतीय पासी समाज, जिला नर्मदापुरम द्वारा रविवार को मालाखेड़ी स्थित स्वयंवर गार्डन, चक्कर रोड पर जरायम पेशा कानून मुक्ति दिवस, पासी आजादी पर्व एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में समाज के योगदान और सामाजिक संघर्षों को याद किया गया। इस अवसर पर समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिला अध्यक्ष कामता प्रसाद कैथवास ने बताया कि वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता आंदोलन में देश की विभिन्न बहादुर जातियों और समुदायों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। इसके बाद ब्रिटिश शासन द्वारा वर्ष 1871 में क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट लागू किया गया, जिसके चलते नामित जातियों के लोगों को अनेक प्रकार की पाबंदियों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
समारोह में पासी समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रथम सांसद बापू मसूरिया दीन पासी के योगदान को विशेष रूप से याद किया गया। समाजजनों ने उनके संघर्ष और प्रयासों को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से वर्ष 1952 में इस दमनकारी कानून से मुक्ति मिली और पासी समाज को देश की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस दौरान वक्ताओं ने समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और एकजुटता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं एवं समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, मध्य प्रदेश विधानसभा के मुख्य सचेतक परासिया विधायक सोहन लाल वाल्मीकि, भारतीय पासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद बावरिया, अखिल भारतीय पासी समाज मध्य प्रदेश महिला की अध्यक्ष रीना बोरासी, राजेश बोरासी, कृष्णा बाबरिया, भंवर लाल केथवास, अमरचंद बाबरिया विवेक भदोरिया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय पासी समाज के जिला अध्यक्ष कामता प्रसाद कैथवास, सचिव महेश बावरिया, नीरज कैथवास, भगवान दास बावरिया, जिमी कैथवास, राजेश बावरिया, राजकुमार बावरिया, घनश्याम बोरासी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
समारोह के दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।