नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग। पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने मंगलवार को सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा का संदेश दिया। उन्होंने स्वर्गीय रफीक अंसारी की 13वीं पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया और डेरोज़ियो बोर्डिंग स्कूल के विज्ञान महोत्सव में छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
स्व. रफीक अंसारी को दी श्रद्धांजलि, जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल
जिला कांग्रेस कार्यालय, कृष्ण बल्लभ आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुन्ना सिंह ने स्व. रफीक अंसारी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने स्व. अंसारी के योगदान को याद करते हुए कहा कि फहिमा स्कूल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उनके प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने ठंड के प्रकोप को देखते हुए बुजुर्गों के बीच गर्म कंबलों का वितरण भी किया।
विज्ञान एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल हुए मुन्ना सिंह
इसके उपरांत, मुन्ना सिंह डेरोज़ियो बोर्डिंग स्कूल द्वारा आयोजित ‘विज्ञान एवं सांस्कृतिक महोत्सव–2025’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन द्वारा भव्य स्वागत के बाद उन्होंने छात्रों द्वारा लगाए गए विज्ञान मॉडलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
युवा शक्ति ही भारत की सबसे बड़ी ताकत
समारोह को संबोधित करते हुए मुन्ना सिंह ने कहा, “शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि बच्चों में नेतृत्व और नवाचार विकसित करने का माध्यम है। हमारे युवा ही उज्ज्वल भारत की नींव हैं।” उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के अवसर देने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि विज्ञान और संस्कृति का मेल ही एक प्रगतिशील समाज का निर्माण करता है।