नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज नेशनल ब्यूरो हजारीबाग।
हजारीबाग: झारखंड की पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा ने बुधवार को हजारीबाग स्थित ‘झारखंड खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र’ का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन भी मौजूद रहे। डीजीपी ने जेल परिसर का भ्रमण कर वहां सजायाफ्ता कैदियों को दी जा रही सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने कैदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने विशेष रूप से माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार की ‘सरेंडर पॉलिसी’ का लाभ पात्र कैदियों तक अनिवार्य रूप से पहुँचाया जाएगा, ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैदियों के कल्याण और सुधार के लिए जल्द ही सकारात्मक पहल की जाएगी।
इससे पूर्व, हजारीबाग परिसदन पहुँचने पर डीजीपी तदाशा मिश्रा को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया, जहाँ उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।