✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी//मामला 25 दिसंबर 2025 का है, जब फरियादिया बबीता डेहरिया, निवासी हर्रई जिला छिंदवाड़ा ने कोतवाली थाने पहुंचकर सनसनीखेज रिपोर्ट दर्ज कराई।फरियादिया ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान कटनी रेलवे स्टेशन के पास उसकी मुलाकात एक पारधी महिला से हुई थी, जिसने बेहद सस्ते दामों में सोना देने का लालच दिया। इसके बाद लगातार फोन पर बातचीत होती रही। करीब 20 दिन पहले मुड़वारा स्टेशन के पास पारधी महिला अपने दो साथियों के साथ मिली और सोने जैसी गिन्नी दिखाकर 7-8 किलो सोना बेचने की बात कही। 24 दिसंबर को फोन कॉल पर बुलाकर फरियादिया, उसके भाई और परिचित कुल 8 लाख रुपये नकद लेकर खरखरी स्कूल के पास पहुंचे। वहां पहले से मौजूद महिला और तीन पुरुषों ने पैसे देखने के बहाने सभी को घेर लिया। अचानक चाकू निकालकर गालियां दी गईं और विकास बंजारा के गले पर चाकू अड़ाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया गया। बदमाश मोबाइल फोन छीनकर दो मोटर साइकिलों से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली, माधवनगर, रंगनाथनगर, रीठी और बस स्टैंड चौकी की संयुक्त टीमें गठित की गईं। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर कैलवारा बायपास के पास घेराबंदी कर 4 पुरुष और 2 महिलाओं को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की वारदात कबूल कर ली।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पूरी 8 लाख रुपये की डकैती की रकम, 4 चाकू, 2 मोटर साइकिल, 6 मोबाइल फोन और सोने जैसी दिखने वाली करीब 250 ग्राम की नकली गिन्नियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बुश लाल पारधी, बाबू सिंह पारधी, ग्यारह बाबू पारधी, सरीना उर्फ सहरीना, बली उर्फ बल्ली और लोंगचाई उर्फ लोंगा बाई शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से लोगों को ठगकर वारदात को अंजाम दे रहा था। कोतवाली पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से एक बड़े डकैती गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और आम जनता को सस्ते सोने के लालच से सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है।