दुद्धी सोनभद्र।आज बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में चल रही रासलीला के चौथे दिन वृंदावन की रासबिहारी कलाकार मंडली द्वारा प्रथम पूजन एवं कलिया दह लीला का मनमोहक मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा यमुना में निवास करने वाले विषैले नाग कलियादह पर चढ़कर उसके फनों पर नृत्य करने और उसे परास्त कर यमुना को विषमुक्त करने की लीला का ऐसा सजीव चित्रण किया गया कि श्रद्धालु भाव-विह्वल हो उठे। कलाकारों ने संवाद, भाव-भंगिमा और संगीत के माध्यम से यह संदेश दिया कि अन्याय, अत्याचार और अधर्म का अंत निश्चित है।
यह रासलीला वृंदावन के महंत श्री दाऊदयाल उपाध्याय जी के नेतृत्व में संचालित की जा रही है। मंचन के दौरान कथा व्यास द्वारा कलिया दह प्रसंग की महिमा, भक्तों की आस्था तथा श्रीकृष्ण की करुणा और संरक्षण भावना पर भी प्रकाश डाला गया। कथा में बताया गया कि जिस प्रकार श्रीकृष्ण ने यमुना और ब्रजवासियों को भय से मुक्ति दिलाई, उसी प्रकार धर्म का आश्रय लेने से जीवन के विषैले संकटों से भी मुक्ति मिलती है।
कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार, रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रहरि, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, संरक्षक रविंद्र जायसवाल, पूर्व महामंत्री आलोक अग्रहरि सहित भारी संख्या में भक्तों की उपस्थिति रही। रात्रि 10 बजे तक चले इस धार्मिक आयोजन में कलिया दह लीला के हर प्रसंग पर जयघोष गूंजता रहा। उत्सव का जोश चरम पर रहा और श्रद्धालुओं ने इसे दिव्य एवं अलौकिक आध्यात्मिक अनुभव बताया।
सोनभद्र/दुद्धी( विवेक सिंह)