सहारनपुर। उत्तर भारत में जारी शीतलहर के बीच सहारनपुर में ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। हाल ही में जिले का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 5°C तक पहुंच गया है, जिससे पूरी शिद्दत के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस हाड़ कंपाने वाली गलन और ठंडी हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुबह और शाम के समय ज़िले मे घना कोहरा छाया रहता है, जिससे कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। इसका सीधा असर यातायात पर दिख रहा है; हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए चालक बेहद धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर हैं। मौसम विभाग के अनुसार, ठंड और कोहरे का यह दौर 15 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है। हालांकि, बीच-बीच में हल्की धूप खिलने से कुछ देर के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन पछुआ हवाओं के कारण गलन कम होने के आसार नहीं हैं।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़