फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिमा स्थल की विधिवत साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया गया और श्रद्धापूर्वक बाबा साहेब को नमन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत प्रशासन द्वारा किया गया, जिसमें सर्वप्रथम अधिशासी अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र राठोर ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, समाज के वंचित व शोषित वर्गों के उत्थान में उनके योगदान तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके आदर्शों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
अधिशासी अधिकारी ने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी से स्वच्छता अपनाने और “स्वच्छता ही सेवा है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रिंसी गंगवार, विशाल भारती सहित नगर पंचायत के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामाजिक समरसता, समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने तथा संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष नमन करते हुए स्वच्छता का संकल्प लिया और “स्वच्छता ही सेवा है” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली