17 और 24 अक्टूबर को सभी 2859 बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप
बदायूँ: । विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत छूटे हुए एवं नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अभियान की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सहयोग करने की अपील की गई।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव ने बैठक में बताया कि जनपद बदायूँ के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 2,859 मतदेय स्थलों पर 17 अक्टूबर (शनिवार) और 24 अक्टूबर (शनिवार) को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान संबंधित मतदेय स्थल के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराएंगे तथा पंजीकरण संबंधी आवश्यक जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए पात्र नागरिकों को भरे हुए फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। नागरिक विशेष कैंप के दौरान अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम भी देख सकते हैं। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे विशेष पंजीकरण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से पहले मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए इस अभियान को महत्वपूर्ण बताया गया।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सुधांशु शर्मा, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के प्रतिनिधि अशोक यादव, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह, जिला सचिव अरविन्द प्रधान, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तथा कांग्रेस अध्यक्ष, बदायूँ के प्रतिनिधि नवनीत यादव ने सहभागिता की।
प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें तथा नाम शामिल कराने की आवश्यकता होने पर बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भरें।