राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – कलेक्ट्रेट कार्यालय में वैसे तो हर मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचकर लोग कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हैं और अधिकारियों द्वारा इन्हें सुनकर नियमानुसार इनका निराकरण भी किया जाता है। लेकिन कलेक्टर आशीष तिवारी मंगलवार की जनसुनवाई के अलावा भी अन्य दिनों में कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले लोगों से खुद मिलकर उनकी समस्यायें सुनते हैं और उनका निराकरण करते हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को भी अपना दुख-दर्द लेकर पहुंचे लोगों को निराश नहीं किया। वे यहां समस्या लेकर आये सभी आगंतुकों से मिले और धैर्य पूर्वक समस्यायें सुनीं और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिये।
विकासखंड विजयराघवगढ़ के ग्राम सिघवारा के सोनेलाल पटेल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिलने की जानकारी दी जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने तहसीलदार विजयराघवगढ़ को पात्रतानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये। वहीं पोषण पुनर्वास केन्द्र के सपोर्ट स्टाफ ने कलेक्टर दर पर मानदेय प्रदान करने का आग्रह किया। जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने सीएमएचओ और महिला बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस मामले में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार नगर निगम जोन क्रमांक 2 के निवासी मुकेश गर्ग ने गलत आधार समग्र को डीलिंक करने की जानकारी दी, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरव नामदेव को निराकरण के निर्देश दिये और इस कार्यवाही शुरू हो गई।।