दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
जिले के नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. पंकज कुमार राय तहसील दिवस के अवसर पर दुद्धी पहुंचे। इस दौरान स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ प्रार्थना पत्र सौंपकर जांच की तत्काल मांग उठाई।
मंडल अध्यक्ष ने प्रार्थना पत्र में बताया कि दुद्धी क्षेत्र में कई अस्पताल बिना उचित लाइसेंस और मानकों के संचालित हो रहे हैं, जिससे आमजन की सेहत को खतरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये अवैध संस्थान अक्सर घटिया इलाज और महंगे उपचार के नाम पर लोगों का शोषण कर रहे हैं।
डॉ. पंकज कुमार राय ने प्रार्थना पत्र प्राप्त करने के बाद आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता है। अवैध संचालन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने सीएचसी दुद्धी में मौजूद खामियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को समय दिया है। डॉ. राय ने कहा कि समय पर सब धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा।
स्थानीय निवासियों ने इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर सुधरेगा।