दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में बीते मंगलवार को शाम करीब चार बजे घर लौट रहे 65 वर्षीय राकेश कुमार कुशवाहा पुत्र स्व. हरिशंकर कुशवाहा की तेज रफ्तार बाइक से टक्कर में मौत हो गई। दुद्धी की ओर से आ रही बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें लूना पर सवार बुजुर्ग कुछ दूर उछलकर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे खून से लथपथ हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नशे में धुत दोनों बाइक सवारों में एक को गंभीर और पीछे बैठे युवक को मामूली चोटें आईं। कोतवाली पुलिस के कांस्टेबलों ने तीनों घायलों को टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. वरूणानिधि ने बुजुर्ग के सिर की गंभीर चोट और कान-नाक से खून बहने पर उन्हें जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया ।
परिजनों ने एंबुलेंस से बुजुर्ग को जिला अस्पताल ले गए थे कि रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
मृतक के छोटे भाई राजेश कुमार ने बताया कि राकेश भाइयों में बड़े थे। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं जो सभी विवाहित। वे कबाड़ खरीदने-बेचने का काम करते थे। कोतवाली पुलिस ने हादसे के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर दोनों बाइक सवारों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों व ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही ।