दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बीआरसी दुद्धी में स्कूली बच्चों को एलबेंडाजोल की दवा वितरित की गई। खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम के निर्देशन में कंपोजिट विद्यालय दुद्धी और कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुद्धी के बच्चों को शिक्षकों ने अपनी निगरानी में दवा खिलाई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों पर जागरूक किया गया। वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने कहा कि सब्जियों व फलों को बिना धोए कभी न खाएं। भोजन से पूर्व और शौच के बाद हाथ साबुन से अच्छी तरह धोएं। पेट में कृमि होने से खून की कमी व अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, इसलिए समय-समय पर एलबेंडाजोल की गोली जरूर दें।
शिक्षक जितेंद्र चौबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि कभी-कभी कृमि के अंडे खून के जरिए मस्तिष्क तक पहुंचकर जानलेवा रोग पैदा कर देते हैं। इससे बचने के लिए कृमि नाशक दवा नियमित रूप से लें। दैनिक जीवन में स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है।
अंत में प्रधानाध्यापिका माधुरी पांडेय ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।