दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
काफी गहमा गहमी और सरगर्मी के बीच दुद्धी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में नामांकन प्रक्रिया आज बुधवार 11 फरवरी को समाप्त हो गई। पहले दिन से शुरू हुई यह प्रक्रिया प्रमुख पदों पर दिग्गज वकीलों के नामांकन के साथ चुनावी समर चरम पर पहुंची, जिससे कचहरी परिसर में चुनावी माहौल गर्म हो गया।विभिन्न पदों पर कुल 11 नामांकन पत्र दाखिल किए गए ।
पहले दिन अध्यक्ष पद पर कुलभूषण पांडे और सचिव पद पर पवन दुबे ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। अंतिम दिन नामांकन की होड़ और तेज हो गई। अध्यक्ष पद पर रामपाल जौहरी एडवोकेट ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए रविंद्र कुमार एडवोकेट ने फॉर्म जमा किया। उपाध्यक्ष 10 वर्ष से ऊपर पद पर महेंद्र कनौजिया एडवोकेट और कृष्णदेव एडवोकेट ने नामांकन दर्ज कराया। सचिव पद पर दिनेश कुमार एडवोकेट, कोषाध्यक्ष पद पर विष्णु कुमार सिंह एडवोकेट तथा सहसचिव (प्रशासन) पद पर रामसागर एडवोकेट ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। अन्य पदों के लिए आलोक सिंह, एम जे अहमद जैसे प्रत्याशियों ने भी फॉर्म खरीदे और जमा किए।
एल्डर कमेटी अध्यक्ष एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेमचंद जायसवाल एडवोकेट द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। जांच के बाद नाम वापसी दोपहर 2 से 3 बजे तक रहेगी और वैध नामांकनों का प्रकाशन शाम 4 बजे किया जाएगा।
एल्डर कमेटी में कृष्ण कुमार एडवोकेट, बिहारी लाल एडवोकेट, जयप्रकाश तिवारी एडवोकेट एवं देवीशरण एडवोकेट शामिल हैं।
मतदान एवं मतगणना 19 फरवरी को निर्धारित है। मतदान सुबह 11 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगा, जबकि मतगणना शाम 4 बजे से शुरू होकर पूरी होने तक चलेगी।