फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। तहसील मीरगंज के फतेहगंज पश्चिमी कश्मीर कस्बे में शुक्रवार शाम बिजली विभाग ने बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर बड़ा अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर फतेहगंज पश्चिमी सब स्टेशन की टीम ने शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक ताबड़तोड़ चेकिंग की।
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं को निशाने पर लिया गया जिनके कनेक्शन भारी बकाया के चलते पहले ही काटे जा चुके थे, लेकिन उनके द्वारा अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। टीम ने कई मोहल्लों में औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया।
जिन उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा नहीं किया था, उनके कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदारों में खलबली मच गई।
अवर अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) 2026’ के तहत उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है। योजना के तीसरे चरण में फरवरी माह के अंत तक बकायेदारों को 100 प्रतिशत ब्याज माफी के साथ मूलधन में 15 प्रतिशत तक की छूट और किस्तों में भुगतान की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया बिलों का निस्तारण करें, अन्यथा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
चेकिंग अभियान में अवर अभियंता रमेश चंद्र, टीजी टू प्रवीण शर्मा, सोनू, मोहम्मद शब्बीर, सुनील, काशीराम, राकेश महेश्वरी, परविंदर और मोहित महेश्वरी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ चलता रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली