दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले की छठी बरसी पर दुद्धीवासियों ने शहीद सीआरपीएफ जवानों को कैंडल मार्च के जरिए सच्ची श्रद्धांजलि दी। स्थानीय श्री संकटमोचन मंदिर के बाहर तिराहे पर विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में आयोजित इस शोक सभा में दर्जनों लोग शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के अथक बलिदान को नमन किया।
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए उस कायरतापूर्ण आतंकी हमले में सीआरपीएफ के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था, जिसमें 40 वीर जवान शहीद हो गए। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश अग्रहरि एडवोकेट ने कहा कि जब दुनिया वेलेंटाइन डे मना रही थी, उसी दिन भारत ने अपने 40 सपूतों को खो दिया। यह हमला कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। देश शहीदों का बलिदान हमेशा याद रखेगा।
शोक सभा में कल्याण मिश्रा,कन्हैया लाल अग्रहरि,नंदलाल गुप्ता एडवोकेट, अरुणोदय जौहरी एडवोकेट, संदीप गुप्ता, आदित्य जायसवाल,भोलू जायसवाल ,राहुल अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।