सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर नगर के विकास की अनेक योजनाओं को पूर्ण कराने की मांग की।
विधायक राजीव गुम्बर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिए प्रस्ताव में कहा कि घंटाघर रोड पुल से ग्राम पिंजौरा तक ढमोला नदी में काफी कूड़ा-करकट व सिल्ट जमा होने से ढमोला नदी में सिल्ट सफाई कार्य न होने के कारण गत वर्ष शहरी क्षेत्र में नदी के किनारे के घर जलमग्न हो गये थे तथा लोगों को विस्थापित होना पड़ा था। साथ ही साथ समूचे सहारनपुर नगर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गये थे। जनहित में तात्कालिक आवश्यकता के दृष्टिगत ढमोला नदी में सिल्ट सफाई कार्य कराया जाना नितान्त आवश्यक है।
नगर निगम सहारनपुर के पास उपलब्ध स्रोतों से सिल्ट सफाई कार्य कराया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना में व्यय होने वाली धनराशि नगर विकास विभाग के द्वारा वहन किया जाना तथा सिल्ट-सफाई का कार्य सिंचाई विभाग के द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
इसलिए नगर आयुक्त, नगर निगम सहारनपुर द्वारा प्रेषित सिल्ट सफाई परियोजना की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति कर धनावंटित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर में रोडवेज बस अड्डे का प्रस्ताव शासन से स्वीकृत हो गया है व इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा भूमि भी खरीद ली गई है, अब बस अड्डा निर्माण के लिए शिघ्र ही धन आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए जिससे जनता को आवागमन में सुविधा हो।
विधायक राजीव गुम्बर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिए एक अन्य प्रस्ताव में कहा कि सहारनपुर में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है और जिन मार्गो पर ये बस चलाई जानी हैं उनका सर्वे भी हो गया है अतः जल्दी से जल्दी सहारनपुर को इलेक्ट्रिक बसें दिया जाने की कार्यवाही कराई जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित में इन सभी कार्यो पर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़