केशव साहू जिला ब्यूरो
डोंगरगढ़। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA 2.0) की प्रिपरेटरी ग्रांट के राज्य परियोजना अंतर्गत शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में दिनांक 17 एवं 18 फरवरी 2026 को “फूड फेस्टिवल – श्री अन्न (मिलेट्स)” थीम पर दो दिवसीय व्यंजन कुकिंग कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य डॉ. श्रीमती ई. व्ही. रेवती के दिशा-निर्देशन में गृह विज्ञान विभाग एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यशाला में प्रशिक्षण हेतु मिलेट्स अभियान कर्मी शिवकुमार देवांगन (सीईओ, बमलेश्वरी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, राजनांदगांव), मिलेट बहनी श्रीमती जमुना साहू एवं विनोद साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षकों ने मिलेट्स आधारित पौष्टिक एवं नवाचारपूर्ण व्यंजनों के निर्माण की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रथम एवं द्वितीय दिवस में बाजरे का लड्डू, अलसी लड्डू, बाजरा-बेसन सेव एवं चिप्स, रागी (मड़िया) का चीला, मड़िया एवं कोदो के आटे से इडली, कोदो का चौसेला, मड़िया एवं कोदो का चीला, ढोकला, पास्ता, नूडल्स, आइसक्रीम, मोमोज आदि विविध व्यंजनों के निर्माण का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को मिलेट्स के पोषण महत्व, स्वास्थ्य लाभ एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. आर. आर. कोचे, श्रीमती नीलम चतुर्वेदानी, गुलशन सिन्हा, डॉ. नीता राजपूत, डॉ. येशुकृति हजारे, डॉ. सपना परिहार, डॉ. नौशीन अंजुम, सुश्री नीलम सिन्हा, सुश्री अनिमा मिंज, सुश्री मनीषा भेड़िया, सुश्री झरना साहू, डॉ. देवश्री देवांगन एवं रोशन साहू की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को श्री अन्न (मिलेट्स) के पोषण मूल्य से अवगत कराते हुए उन्हें व्यावहारिक कौशल प्रदान करना था, जिससे वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी प्रेरित हो सकें।