दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
भारत मंडपम, दिल्ली में आयोजित ‘टाइम्स ऑफ इंडिया नेशनल सीएसआर समिट-2026’ में सामाजिक परिवर्तन, ईमानदारी और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दुद्धी के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता महेशानंद भाई को आज सम्मानित किया जाएगा। इसकी खबर से दुद्धी के प्रबुद्ध वर्ग में हर्ष व्याप्त है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण करने वाले महेशानंद भाई (जन्म 1 अक्टूबर 1957) ने परास्नातक और पत्रकारिता डिग्री प्राप्त कर आदिवासी बाहुल्य दुद्धी को अपनी कर्मभूमि बनाया। बनवासी सेवा आश्रम के गोविंदपुर संस्था के माध्यम से वे भूमि हकदारी, जल, जंगल-जमीन की लड़ाई में अग्रणी रहे। 1974 से नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस के विभिन्न पदों पर सक्रिय रहने वाले महेशानंद भाई को वर्ष 2004-05 में सतत आजीविका व खाद्य सुरक्षा में सामुदायिक नेतृत्व के लिए भारत रत्न श्री सुब्रमण्यम पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
भारत मंडपम में आयोजित इस भव्य समिट में महामहिम उपराष्ट्रपति के सान्निध्य में 300 सीएसआर प्रमुख, कॉर्पोरेट सीईओ, सरकारी प्रतिनिधि व नीति निर्माता एकत्र होंगे। टाइम्स फाउंडेशन द्वारा संयोजित कार्यक्रम में महिला व बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सविता ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल सहित गरिमामयी अतिथि उपस्थित रहेंगे।