दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
शनिवार की दोपहर लगभग 1 बजे दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं व संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज पिछले कई दशकों से उठ रही है। समिति द्वारा अब तक 30 घंटे का आमरण भूख हड़ताल, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। उनका कहना रहा कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को भारी भरकम राजस्व की प्राप्ति भी होती है। इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई मंत्री और राजनीतिक नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। लोगों का कहना है कि चुनावी वायदे को निभाते हुए अब सरकार को विकास की राह प्रशस्त करने के लिए दुद्धी को जिला घोषित करना चाहिए।
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में नवनिर्वाचित सिविल बार अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ,पूर्व अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,जितेंद्र श्रीवास्तव,योगेश पांडे,जीवन राम,प्रेमचंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ और मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।