कटनी|जिले के विजयराघवगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कैमोर के ग्राम बम्हंगवा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में जर्जर भवन की दीवार गिरने से 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की अस्पताल ले जाते समय दुखद मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया। मृतक छात्र ग्राम गुड़गढुआ का निवासी था और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय बताई जा रही है। पिता के निधन को एक वर्ष हो चुका था, जिससे परिवार पहले ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था और अंतिम संस्कार तक के लिए संसाधन उपलब्ध नहीं थे।मामले की जानकारी मिलते ही विजयराघवगढ़ के बीएमओ डॉ. विनोद भावुक हो उठे। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी से मिलने वाली सहायता से पहले ही स्वयं अपने निजी स्तर पर परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद अंत्येष्टि संस्कार हेतु प्रदान की। खास बात यह रही कि उन्होंने इस सहायता की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने दी। इस मानवीय सहयोग का खुलासा तब हुआ जब मीडिया से बातचीत में छात्र के मामा ने इसकी जानकारी साझा की।हालांकि घटना के दौरान एम्बुलेंस पहुंचने में हुई देरी को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की सुस्ती के लिए बीएमओ को जिम्मेदार भी ठहराया था, लेकिन दूसरी ओर इस कठिन समय में उनके निस्वार्थ सहयोग की सराहना भी की जा रही है।ग्राम सरपंच ने भी परिवार की स्थिति को देखते हुए शोक संतप्त परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां कई जनप्रतिनिधि जनता के सुख-दुख में साथ खड़े होने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, वहीं ऐसे संवेदनशील समय में कुछ लोग केवल औपचारिकता निभाते नजर आते हैं। इसके विपरीत एक चिकित्सक द्वारा चुपचाप की गई मदद ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश कर दी है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट