सहारनपुर
सहारनपुर जिले के थाना फतेहपुर क्षेत्र में शनिवार शाम 21 फरवरी 2026 को एक शादी की बारात के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है। ग्राम फरकपुर नवादा में रहने वाले श्यामलाल पुत्र बाला की पुत्री की बारात ग्राम चकरहेटी थाना जनकपुरी से आई थी। रास्ते में एक खड़ी कार को हटाने के मुद्दे पर दूल्हा पक्ष और बारातियों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हाथापाई और मारपीट में बदल गई।
सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया और शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही समुदाय से संबंध रखते हैं, जिससे मामला सामुदायिक तनाव में नहीं बदला। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
क्षेत्राधिकारी सदर ने इस संबंध में बाइट देते हुए बताया कि पुलिस अलर्ट है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़