फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे में बिजली घर के पास अवैध अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर कार्रवाई की गई। नगर पंचायत द्वारा पूर्व में हटाए गए खोखों की जगह पर पराग की दुकान खोलने के लिए रखे गए टीन के बड़े खोखे को शनिवार को जेसीबी से हटवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंडलायुक्त के निर्देश पर दो दिन पहले बिजली घर के पास सड़क किनारे अवैध रूप से रखे गए खोखों को नगर पंचायत और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने जेसीबी से हटाया था। इसके बावजूद अगले ही दिन उसी स्थान पर एक नगर पंचायत कर्मी द्वारा पराग की दुकान खोलने की तैयारी करते हुए टीन का खोखा रखवा दिया गया।
इस पर स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। जिन लोगों के खोखे पूर्व में हटाए गए थे—रिफाकत अली, इसरार अहमद, सफीक अहमद, भूरे खां, नाजिम, वसीर अहमद, वसीम, शकील, नसीम, अय्यूब, निसार अहमद, पप्पू, कदीर अहमद आदि—ने तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों से शिकायत की।
शिकायत के बाद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर और चेयरमैन इमराना बेगम के निर्देश पर शनिवार को जेसीबी मशीन से खोखा हटवा दिया गया।
खोखा हटने के बाद शिकायतकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और कार्रवाई को निष्पक्ष बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली