सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए ज़िला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज ज़िला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट स्थित ज़िला निर्वाचन कार्यालय के सील्ड गोदाम का गहन मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव के लिए बनाए गए गोदाम की सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने गोदाम की सील, साफ-सफाई, अग्नि शमन यंत्रों की उपलब्धता और अन्य तकनीकी सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सभी सील्ड गोदाम पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुरक्षित पाए गए हैं। ज़िला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि मतदान के लिए उपयोग होने वाली मशीनों की सुरक्षा में कोई चूक न हो। इसके लिए हर माह गोदाम का भौतिक निरीक्षण करना अनिवार्य होता है, ताकि भविष्य में होने वाले चुनावों की शुचिता और मशीनरी की गोपनीयता पर कोई सवाल न उठ सके। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के अवसर पर अपर ज़िलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सुरक्षा प्रोटोकॉल का निरंतर और कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़