गोरखपुर, उत्तर प्रदेश
जनपद के पिपराइच स्थित बिजहरा गांव में एक सौतेली मां ने अपनी 3 साल की बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे हुई। आरोपी महिला ने बच्ची का सिर धड़ से अलग कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पूजा (35) ने बिस्तर पर सो रही अपनी सौतेली बेटी अदिति को पहले जमीन पर पटका। इसके बाद पास रखी कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय बच्ची का पिता त्रिवेणी मौर्य (40) घर से बाहर गया हुआ था।
जब त्रिवेणी घर लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी का शव देखकर चीखना शुरू कर दिया। खून से लथपथ कमरे और दीवारें देखकर वह सन्न रह गए। इस दौरान पूजा भागने लगी, जिसे त्रिवेणी ने चिल्लाते हुए पीछा किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने भी पीछा किया और करीब 1 किलोमीटर तक दौड़ने के बाद महिला को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति त्रिवेणी अपनी बेटी अदिति को ज्यादा प्यार करता था, इसलिए वह उसे सबक सिखाना चाहती थी। सूचना मिलने पर पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला पूजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
त्रिवेणी मौर्य ने 2012 में लक्ष्मी से शादी की थी, जिनकी दो साल पहले मौत हो गई थी। अदिति लक्ष्मी की बेटी थी। त्रिवेणी ने एक महीने पहले ही पूजा से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद से ही पूजा को त्रिवेणी का अदिति के प्रति अधिक लगाव पसंद नहीं था, जिसे हत्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
रिपोर्ट- सतीश तिवारी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश