ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
उद्योग विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा गत दिवस सोलन ज़िला के धर्मपुर में ‘सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग के प्रदर्शन को बढ़ावा देना और गति लाना (आर.ए.एम.पी) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता उद्योग विभाग के महाप्रबंधक सुरेन्द्र ठाकुर ने की।
सुरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को स्मार्ट सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं जैसे डिजिटल परिवर्तन, क्षमता निर्माण, क्लस्टर विकास, हरित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग पहल और सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को अवगत करवाया गया कि इन पहलों के माध्यम से उद्योगों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, और दीर्घकालिक स्थिरता को बढ़ाया जा सकता है।
डिजिटल परिवर्तन विशेषज्ञ सुखप्रीत सिंह ने इस अवसर पर डिजिटल परिवर्तन, कृत्रिम मेधा (ए.आई.), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आई.ओ.टी.), मशीन लर्निंग (एम.एल.), स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, क्लाउड कम्प्यूटिंग सहित अन्य विषयों पर जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में अवगत करवाया गया कि ओपन मार्केट एक्सेस पाने के लिए एम.एस.एम.ई. टीम इनिशीटिव के पोर्टल https://team.msmemart.com/msme-registration-eligibility पर पंजीकरण कर सकते है।
कार्यशाला में फार्मा, प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग, इलेक्ट्रिकल, टेक्सटाइल, फूड एंड बेवरेज व असेम्ब्ली उद्योग के 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।