केशव साहू जिला ब्यूरो
आगामी 02-05 मार्च को होली पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई है।
पूर्व समन्वय एवं जनसहभागिता
होली पर्व के पूर्व समस्त थाना/चौकी प्रभारियों द्वारा कोटवार, सरपंच, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्य एवं व्यापारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष बैठकें लेकर सामुदायिक समन्वय स्थापित किया गया है।
होटल, लॉज, ढाबा, बार एवं रिसॉर्ट संचालकों को सत्यापन एवं निगरानी संबंधी निर्देश प्रदान किए गए हैं।
जोनवार रणनीति एवं व्यापक तैनाती
जिले को चार जोनों — शहरी, अर्ध-शहरी, ग्रामीण एवं बॉर्डर क्षेत्र — में विभाजित कर अलग-अलग रणनीति तैयार की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स्ड प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है।
संवेदनशील एवं बदमाश प्रवृत्ति वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, प्रमुख चौक एवं स्थैतिक बिंदुओं पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। आवश्यकता अनुसार दंगा नियंत्रण टीम (Riot Control) एवं रिजर्व बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
गश्त, फ्लैग मार्च एवं विशेष निगरानी
आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने हेतु प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा ।
पैदल गश्त, बाइक पेट्रोलिंग टीम, एवं मोबाइल फ्लाइंग स्क्वॉड निरंतर भ्रमणशील रहेंगे, जिससे त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
सिविल ड्रेस में महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों पर गोपनीय नजर रखी जा रही है।
साथ ही, भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।
नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था
जिला स्तर पर 24×7 मॉनिटरिंग हेतु विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो एक राजपत्रित अधिकारी (Gazetted Officer) के अधीन संचालित रहेगा।
सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी माध्यमों से संवेदनशील स्थानों की सतत निगरानी की जा रही है। बॉर्डर क्षेत्रों में सघन चेकिंग एवं आवागमन पर विशेष नियंत्रण रखा गया है।
असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों पर सख्त कार्यवाही
पूर्व में आर्म्स एक्ट, धारा 107/116, 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई किए गए बदमाशों की सूची तैयार कर उनकी सघन “चटनी” (सत्यापन एवं निगरानी) की जा रही है।
आवश्यकतानुसार बाउंड ओवर एवं अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही कर असामाजिक तत्वों को जेल भेजने हेतु अभियान जारी है।
आर्म्स एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत पूर्व में चिन्हित व्यक्तियों की सूची बनाकर विशेष जांच एवं धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है।
“चखना सेंटर” एवं सड़क किनारे असामाजिक तत्वों द्वारा शराब सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। होटल, लॉज, ढाबा एवं बार की सघन जांच जारी है।
विशेष यातायात अभियान
होली पर्व के दौरान दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया जा रहा है।
शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ब्रीथ एनालाइजर से जांच एवं कड़ी कार्रवाई की जा रही है। ट्रिपल सवारी, मॉडिफाइड/बिना साइलेंसर वाहन एवं ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर विशेष अभियान संचालित है। प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों पर चेकिंग पॉइंट स्थापित कर सतत निगरानी रखी जा रही है।
महिला सुरक्षा हेतु विशेष प्रावधान
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष महिला पेट्रोलिंग टीम गठित की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या, छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा की स्थिति में तुरंत संपर्क करें:
विशेष महिला हेल्पलाइन नंबर – 9479192100
कंट्रोल रूम- +91 94791 92199
नागरिकों से अपील
राजनांदगांव पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि होली पर्व को शांति, भाईचारे एवं मर्यादा के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें एवं संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
राजनंदगांव पुलिस द्वारा आपात काल की स्थिति से निपटने के लिए
एम्बुलेंस, डॉक्टर स्टाफ, फायर ब्रिगेड हेतु प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया है।
पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप से –
राजनंदगांव पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए प्रतिपल संकल्पित है।