गण्डारा बहराइच से
मुहम्मद आरिफ (ब्यूरो चीफ )
इंडियन टी वी न्यूज़
प्रदेश सरकार 153 किलोमीटर लंबे बाराबंकी-नेपाल छह लेन हाईवे का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) पर कराने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 27 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह हाईवे पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला और प्रदेश का दूसरा प्रोजेक्ट होगा, जिसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। बजट में प्रावधान के बाद निर्माण कार्य को जल्द गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना से लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और बहराइच से नेपाल तक आवागमन सुगम होगा।
एचएएम मॉडल के तहत परियोजना लागत का 40 प्रतिशत भुगतान सरकार निर्माण अवधि में करेगी, जबकि शेष राशि निजी डेवलपर द्वारा निवेश की जाएगी। इससे वित्तीय जोखिम साझा होगा और कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा। हाईवे बनने से यात्रा समय घटेगा, परिवहन लागत कम होगी और पूर्वांचल के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।