दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
होली का पावन पर्व कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह रंगों की होली से प्रारंभ होकर अपराह्न में अबीर-गुलाल की खेली गई होली ने लोगों को अपनों से जोड़ा तथा भाईचारे का संदेश दिया।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोग घर-घर जाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह त्योहार भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार और भक्त प्रह्लाद की कथा से प्रेरित है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। बता दें कि इस बार दो दिन पहले यानी सोमवार को चंद्रग्रहण को ध्यान में रखते हुए काली मंदिर के समीप होलिका दहन स्थल पर भव्य होलिका दहन किया गया था। उसके बाद बुधवार सुबह होते ही कस्बे के हर कोने में रंगों की बौछार शुरू हो गई।
युवाओं ने पानी के गुब्बारों और रंगों से होली खेली, वहीं महिलाएं-बच्चे पारंपरिक ढंग से त्योहार का आनंद लिया। श्री संकटमोचन मंदिर चौराहे पर सहित कई स्थानों पर डीजे साउंड के साथ फागोत्सव देर रात तक चला, जहां काफी संख्या में लोग नाचे-थिरके। दोपहर बाद अबीर-गुलाल की होली ने उत्साह को दोगुना कर दिया। लोग मित्रों-रिश्तेदारों के घर पहुंचे, गले मिले और होली की बधाई दी। इस दौरान गुझिया, मालपुए जैसी दर्जनों मिठाइयों का लुत्फ सभी ने उठाया।
वहीं पुलिस प्रशासन ने पूरे नगर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चौक-चौराहों पर पुलिस जवान तैनात रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उत्सव का जायजा लिया और लोगों को सावधानी पूर्वक त्योहार मनाने की सलाह दी। किसी अप्रिय घटना के बिना पूरा आयोजन शांतिपूर्ण रहा। उधर, पुलिस सीओ राजेश कुमार राय ने दुद्धी सर्किल क्षेत्र के सभी थानों में होली पर्व को लेकर भ्रमण कर नजर बनाए रखे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस, होमगार्ड एवं पीएससी के जवान जगह-जगह तैनात किए गए थे।