कैमोर। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत नगर परिषद कैमोर द्वारा नगर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर परिषद ने शासकीय जमीन पर कब्जा करने वालों को कड़ा संदेश देते हुए खलवारा बाजार चौराहे पर लंबे समय से रखे अवैध टपरे को हटाकर जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद द्वारा नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा मुख्य मार्गों और चौराहों को जाम मुक्त करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। खलवारा बाजार का यह मुख्य चौराहा है, जो बरापार मुख्य मार्ग सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों को कैमोर नगर से जोड़ने का कार्य करता है। ऐसे में यहां अतिक्रमण होने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।
नगर परिषद ने संबंधित व्यक्ति को पहले ही टपरा हटाने के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बाद भी टपरा नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर टपरे को हटाकर जब्ती की कार्रवाई की।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से नगर के अन्य अतिक्रमणकर्ताओं में भी हलचल देखी जा रही है। लंबे समय बाद हुई इस कार्रवाई से नगरवासियों का ध्यान भी इस ओर आकर्षित हुआ है।
नगर परिषद का कहना है कि नगर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट