ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने गुरुवार को नगर परिषद परवाणू के मैदान में 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित 105 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण कर तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने 44.65 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समावेशी विकास और कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसके लिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक ने दशहरा ग्राउंड में पांच लाख रुपये की लागत से स्थापित हाई मास्ट लाइट, नगर परिषद आनंद पार्क में तीन लाख रुपये से बने सेल्फी प्वाइंट, शहर के विभिन्न स्थानों पर 10 लाख रुपये की लागत से लगाए गए 24 सीसीटीवी कैमरों व 9 लाख रुपये की लागत से स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट के तहत चैनलाइजेशन कार्य का भी शुभारंभ किया। इस कार्य से सिरमौर चौक पर लंबे समय से कलवट में पानी भरने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम में नगर परिषद की अध्यक्ष मोनिषा शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके बाद विधायक ने समेकित बाल विकास परियोजना द्वारा आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर महिलाओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर कृषि उपज विपणन समिति सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, नगर परिषद परवाणू के पूर्व उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, पूर्व अध्यक्ष ठाकुरदास शर्मा, निशा शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नवीन सूद, देवेंद्र शर्मा, मोहन लाल, रुपलाल, गुरुदेव शर्मा, उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त परवाणू शेफाली शर्मा, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार, डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा, समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर आभा पंवार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।