रोहित पाण्डेय मध्य प्रदेश स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल*
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां करीब 50 स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस के ड्राइवर के साथ विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई।बताया जा रहा है कि घटना पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास की है।जानकारी के मुताबिक, टेकनपुर के ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक कार खड़ी थी, जिससे बस को निकलने में परेशानी हो रही थी।बस ड्राइवर ने कार हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कार सवार लोगों और बस ड्राइवर के बीच विवाद हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद बस ड्राइवर के साथ मारपीट की गई और उसके बाद फायरिंग कर दी गई।फायरिंग में बस ड्राइवर खेम सिंह घायल हो गए। गोली के छर्रे लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे मौजूद थे। फायरिंग की आवाज से बच्चों में दहशत फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकालकर उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि इस फायरिंग के पीछे कौन लोग थे और पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
डबरा, मध्य प्रदेश।
ITN NATIONAL NEWS