दुद्धी सोनभद्र (विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के रन्नु गांव में बुधवार शाम करीब 5 बजे पानी भरने गई 17 वर्षीय किशोरी मंजू पुत्री धनवान गौड़ निवासी रन्नु कुएं में गिर गई। घर के बगल के कुएं पर सहेलियों संग पानी भरते समय बाल्टी खींचते हुए किशोरी का पैर फिसलन भरे फर्श पर फिसल गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वह बाल्टी सहित कुएं में जा गिरी।
घटनास्थल पर मौजूद सहेलियों ने शोर मचाकर परिजनों को बुला लिया। पिता धनवान गौड़ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से रस्सी बांधकर चारपाई उतारकर मंजू को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में किशोरी को गंभीर चोटें लगीं। कुएं में पानी कम होने से पत्थरों पर चोट लगने की आशंका है।
ग्रामीणों ने फौरन एंबुलेंस को सूचना दी। 102 एम्बुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार और चालक विजय लाल ने किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाकर भर्ती कराया गया।जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह के नेतृत्व में उसका इलाज जारी है।
पिता धनवान गौड़ ने बताया कि पुत्री शाम को सहेलियों के साथ पानी भरने गई थी। कुएं पर पानी की फिसलन से पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर पड़ी। ग्रामीणों की मदद से रस्सी-चारपाई से बाहर निकाला। कुएं में पानी कम था, इसलिए पत्थरों पर चोट लगी। पुत्री का इलाज सीएचसी में चल रहा है।हालत पहले से बेहतर है ।