विकसित भारत 2047′ के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: राज्यपाल कविंद्र गुप्ता
लुधियाना( अजय कुमार अमलोह) 
अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश द्वारा फिरोजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल/वैश्य समाज के उद्योगपतियों और गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में वैश्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि समाज की उद्यमशीलता, परिश्रम और परोपकार की भावना भारत को वर्ष 2047 तक आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने में अहम योगदान दे सकती है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने सदियों से व्यापार को केवल आजीविका का साधन नहीं बल्कि समाज सेवा और जिम्मेदारी के रूप में अपनाया है, जो ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’ के भारतीय आदर्श को दर्शाता है।
राज्यपाल ने कहा कि वैश्य समाज द्वारा स्थापित अनेक संस्थान और ट्रस्ट शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं, जिससे देश की सामाजिक संरचना मजबूत हो रही है। उन्होंने समाज के युवाओं से अपील की कि वे पारंपरिक व्यापारिक मूल्यों को प्रौद्योगिकी, नवाचार और स्टार्ट-अप संस्कृति के साथ जोड़कर भारत की आर्थिक प्रगति में नेतृत्व करें।
उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ का अर्थ है कि हर व्यापारी, उद्यमी और युवा अपनी क्षमता के अनुसार राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश, एक संविधान, एक निशान’ के विचारों पर प्रकाश डाला।
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राज्य अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने पदाधिकारियों के साथ राज्यपाल का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह और गुलदस्ता भेंट किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था आईएएस मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे अग्रवाल विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता, रक्तदान शिविर और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य कर रही है।
समारोह में फरीदकोट के डा. संजीव गर्ग को सर्वसम्मति से आईएमए पंजाब का अध्यक्ष मनोनीत होने पर लाला टोडरमल अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य महामंत्री हरकेश मित्तल, प्रीतम बांसल, सौरभ गर्ग, डा. संजीव गोयल, दिनेश मोदी, हीरामणि अग्रवाल, दविंद्र अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अमित गोयल सहित बड़ी संख्या में संस्था के पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।