मोहाली, 31 अक्टूबर 2026: आपराधिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए मोहाली पुलिस द्वारा रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। इसी के तहत माननीय DGP पंजाब एवं DIG रोपड़ रेंज के दिशा-निर्देशों पर SSP मोहाली श्री वरुण शर्मा, IPS ने जिले में चल रही नाइट डोमिनेशन और विशेष नाकाबंदी मुहिम के दौरान विभिन्न नाकों की अचानक चेकिंग की।
इस दौरान SSP मोहाली ने विभिन्न नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीमों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही हिदायत दी कि नाकाबंदी के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो तथा पुलिस कर्मचारी लोगों के साथ विनम्रता और जिम्मेदारी से पेश आएं।
SSP वरुण शर्मा ने कहा कि नाइट डोमिनेशन और विशेष नाकाबंदी का मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसना और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहाली पुलिस आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए दिन-रात पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।
मोहाली पुलिस — सेवा | सुरक्षा | विश्वास
