जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र में एक्साइज विभाग ने बलटाना पुलिस की मदद से चेकिंग के दौरान शराब तस्करी के संदेह में एक स्विफ्ट कार को कब्जे में लिया है। कार से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की दो पेटियां बरामद हुई हैं। इनमें रॉयल स्टैग की 12 और मैजिक मोमेंट की 12 बोतलें शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान कार चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भगाई कार, जाम में फंसा तो छोड़कर भागा चालक
एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम और पुलिस कर्मियों की मदद से बलटाना क्षेत्र में होटलों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार चालक चेकिंग टीम को देखकर बिना रुके तेज रफ्तार में कार लेकर आगे निकल गया। टीम ने कार का पीछा किया, लेकिन आगे जाकर कार जाम में फंस गई। इस दौरान चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी में मिली शराब की दो पेटियां
एक्साइज विभाग के मुलाजिमों ने आसपास चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कार की तलाशी ली गई तो उसमें से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित रॉयल स्टैग की 12 बोतलें और मैजिक मोमेंट की 12 बोतलें बरामद हुईं। कुल 24 बोतलें मिलने के बाद कार को कब्जे में लेकर बलटाना पुलिस चौकी भेज दिया गया।
कार के नंबर से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एक्साइज विभाग की शिकायत के आधार पर बलटाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने के साथ ही शराब की तस्करी से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।

