एक्साइज विभाग की टीम ने चंडीगढ़-जीरकपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान चंडीगढ़ से अवैध रूप से शराब लाकर जीरकपुर क्षेत्र में खपाने की कोशिश को नाकाम करते हुए दो व्यक्तियों को दबोचा है। पकड़े गए व्यक्तियों के कब्जे से एक बाइक और शराब की 24 बोतलें बरामद की गई हैं। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान गोकर्ण और सतीश, दोनों निवासी शटरिंग मार्केट, सिंहपुरा के तौर पर हुई है। दोनों के खिलाफ जीरकपुर थाने में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक्साइज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा पर नाका लगाया हुआ था। नाकेबंदी के दौरान आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक काले रंग की मोटरसाइकिल को शक के आधार पर रोका गया। मोटरसाइकिल सवार व्यक्तिओं की तलाशी लेने पर उसमें से 24 बोतल शराब बरामद हुई। जांच के दौरान सामने आया कि बरामद शराब की खेप केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित थी, जिसे अवैध तरीके से पंजाब सीमा में लाया जा रहा था। एक्साइज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पकड़ी गई बोतलों पर जरूरी सरकारी होलोग्राम भी नहीं पाए गए और न ही उन पर ट्रैक एंड ट्रेस कोड उपलब्ध था